वैसे तो आजकल विभिन्न कार्यक्रमों में जानवरों को तवज्जों देना आम हो गया है. आपने कुत्तों-घोड़ों के बीच रेस का आयोजन देखा-सुना होगा. अभी हाल में गायों का कैट वाॅक भी देखने को मिला. लेकिन जब गदहों के बीच रेस और फैशन शो हो तो आपको आश्चर्यजनक जरूर लगेगा. एक देश ऐसा भी है जहां गदहों के सम्मान में हर साल एक समारोह का आयोजन किया जाता है.

खबरों की माने तो मैक्सिको के एक कस्बे ओटुंबा में हर साल गदहों के सम्मान में 1 मई को ‘डंकी डे‘ यानि ‘गदहा दिवस’ मनाया जाता है. इस मौके पर गदहों के बीच रेस भी होती है और ये गदहे फैशन शो में हिस्सा भी लेते हैं. रेस में गदहों की पीठ पर एक राइडर भी होता है जो उन्हें हांकता है और किसी तरह फिनिशिंग लाइन तक ले जाता है. फैशन शो के लिए इन गदहों को अच्छे-अच्छे कपड़े भी पहनाए जाते हैं और उन्हें सजाया संवारा जाता है. इस दिन गदहों को बिल्कुल घोड़ों जैसा सम्मान दिया जाता है.
गौरतलब है कि 1 मई पूरी दुनिया में मजदूर दिवस के तौर पर मनाया जाता है. लेकिन ठीक इसी दिन ओटुंबा में ‘गदहा दिवस’ मनाने की यह परंपरा बेहद अनोखी है.